वाराणसी: प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर छात्राओं से छेड़खानी का आरोप, ग्रामीणों ने किया हंगामा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जिले के पिसौर स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक पर छात्राओं से छेड़खानी के गंभीर आरोप सामने आए हैं। मामले को लेकर नाराज परिजन और ग्रामीण सोमवार को विद्यालय परिसर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।आरोप है कि प्रधानाध्यापक ने तीन छात्राओं के साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया।
घटना शनिवार की बताई जा रही है, हालांकि रविवार को अवकाश होने के कारण मामला सामने नहीं आ सका। सोमवार सुबह से ही क्षेत्रीय लोग विद्यालय पहुंचकर प्रधानाध्यापक का इंतजार कर रहे थे।जैसे ही प्रधानाध्यापक सोमवार सुबह करीब 9 बजे स्कूल पहुंचे, आक्रोशित लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और विद्यालय के अंदर बंधक बना लिया। इस दौरान उनके साथ मारपीट की भी सूचना है। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।सूचना मिलते ही डीसीपी वरुणा जोन, एसीपी रोहनिया, एसीपी कैंट समेत तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
हंगामे के दौरान लोग लगातार आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

