बांग्लादेश में हिंसा थमी नहीं, राजबाड़ी जिले में हिंदू युवक की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। बांग्लादेश में जारी अशांति के बीच एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। राजबाड़ी जिले के पांगशा उपजिला क्षेत्र में बुधवार देर रात एक हिंदू युवक की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, मृतक पर जबरन वसूली का आरोप लगाया गया था। यह वारदात रात करीब 11 बजे कलीमोहर यूनियन के होसेंदंगा गांव में हुई, जहां आरोपों के बाद लोगों की भीड़ ने युवक पर हमला कर दिया।
पांगशा सर्कल के सहायक पुलिस अधीक्षक देब्रत सरकार ने बताया कि मृतक की पहचान अमृत मंडल उर्फ सम्राट के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

