हिंसाग्रस्त मणिपुर को मिला नया मुख्यमंत्री, युमनाम खेमचंद सिंह ने संभाली कमान

इंफाल, जनमुख न्यूज़। लंबे समय तक राष्ट्रपति शासन के बाद हिंसा से जूझ रहे मणिपुर को आखिरकार नया मुख्यमंत्री मिल गया है। मैतेई समुदाय से आने वाले और मार्शल आर्ट के धुरंधर युमनाम खेमचंद सिंह ने आज राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ से पहले उन्होंने मणिपुर के राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
नई सरकार में सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए भाजपा विधायक नेमचा किपगेन ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। नेमचा किपगेन कुकी समुदाय से हैं। इसके अलावा नागा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के विधायक एल डिखो ने भी उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। भाजपा के गोविंदास कोंथौजम और एनपीपी के केके लोकेन सिंह को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। खास बात यह रही कि नेमचा किपगेन ने नई दिल्ली स्थित मणिपुर भवन से डिजिटल माध्यम से शपथ ली।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद युमनाम खेमचंद सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मणिपुर ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में 36 समुदाय रहते हैं और उनकी सरकार सभी को साथ लेकर चलने और मणिपुर में शांतिपूर्ण माहौल बहाल करने की दिशा में काम करेगी।
गौरतलब है कि मंगलवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में 62 वर्षीय खेमचंद सिंह को विधायक दल का नेता चुना गया था। यह बैठक राष्ट्रीय राजधानी स्थित भाजपा मुख्यालय में करीब डेढ़ घंटे चली, जिसमें उनके नाम पर सर्वसम्मति बनी। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी के पर्यवेक्षक तरुण चुघ मौजूद रहे। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पद के लिए कई नामों पर चर्चा के बाद खेमचंद सिंह के नाम पर अंतिम मुहर लगी।

Spread the love

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *