यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ काशी विद्यापीठ में उग्र प्रदर्शन, छात्रों ने सड़क जाम कर की नारेबाजी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में यूजीसी के नए नियमों को लेकर बुधवार को छात्रों का विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया। सुबह से ही विश्वविद्यालय के आठ संकायों में छात्रों ने तालाबंदी कर विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद छात्र जुलूस निकालते हुए नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतर आए और यूजीसी नियमों को वापस लेने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “यूजीसी रोल-बैक” के नारे लगाए और सड़क पर बैठकर विरोध जताया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ। विश्वविद्यालय परिसर और आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।इधर, यूजीसी के नए नियमों के विरोध में राष्ट्रीय हिंदू दल संगठन भी खुलकर सामने आया है। संगठन के अध्यक्ष रोशन पांडेय ने प्रधानमंत्री को अपने खून से पत्र लिखकर यूजीसी के नए प्रावधानों को वापस लेने की मांग की है। इसके साथ ही संगठन की ओर से सवर्ण सांसदों को चूड़ियां भेजकर विरोध दर्ज कराया गया।रोशन पांडेय ने आरोप लगाया कि यूजीसी के नए नियम सवर्ण समाज के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि यह नियम सवर्ण समुदाय के अधिकारों पर सीधा प्रहार है। वाराणसी में राष्ट्रीय हिंदू दल संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने नियमों पर पुनर्विचार नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

