मतदाता सूची पुनरीक्षण: 3.26 करोड़ मतदाताओं को नोटिस, 1.15 करोड़ की सुनवाई पूरी — नवदीप रिणवा

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। वरिष्ठ अधिकारी नवदीप रिणवा ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिना मैपिंग वाले 1 करोड़ 4 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि कुल 3 करोड़ 26 लाख मतदाताओं को नोटिस भेजे जा चुके हैं।अब तक 1 करोड़ 15 लाख मतदाताओं की सुनवाई पूरी कर ली गई है। वर्तमान में 13,161 अधिकारी सुनवाई प्रक्रिया में लगे हुए हैं। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ द्वारा सुनवाई की फोटोग्राफी भी कराई जा रही है।
नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विभाग को 54,40,156 फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं। विभाग का विशेष ध्यान महिला और युवा मतदाताओं पर केंद्रित है। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग से 9,11,779 आवेदन मिले हैं।फॉर्म-7 के तहत 1,40,425 नाम हटाने के आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 55,752 महिलाएं, 84,667 पुरुष और 6 थर्ड जेंडर शामिल हैं। इनमें से 70,865 लोगों ने स्वयं अपना नाम कटवाने के लिए आवेदन किया है।
शिफ्टिंग के कारण 16,863 फॉर्म स्वत: (ऑटोमेटेड) जनरेट हुए। अब तक कुल 23,935 नाम हटाए जा चुके हैं, जिनमें 5,211 ऑटोमेटिक डिलीट शामिल हैं। दावा-आपत्ति प्रक्रिया शुरू होने के बाद 4,336 नाम हटाए गए हैं।प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच में संबंधित नाम मतदाता सूची में पाए गए। वहीं, मैनपुरी में बूथ की दूरी को लेकर मिली शिकायत सही पाई गई है, जिसे शीघ्र सुधार लिया जाएगा।

