गाजीपुर में वर्चस्व की जंग बनी मौत का मैदान, दो युवकों की हत्या कर शव पोखरे में फेंके, तीसरा लापता

गाजीपुर, जनमुख न्यूज़। जिले के गहमर कोतवाली क्षेत्र के खेलूराय पट्टी में वर्चस्व की लड़ाई ने खौफनाक रूप ले लिया। बुधवार देर रात हुए संघर्ष में विक्की सिंह (23) और सौरभ सिंह (24) की बेरहमी से हत्या कर उनके शव पोखरे में फेंक दिए गए, जबकि पट्टी भीवराय निवासी अंकित सिंह (25) अब तक लापता है। परिजनों ने उसकी भी हत्या की आशंका जताई है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने गुरुवार को शव चौकी पर रखकर कोतवाली के सामने एएनएच-124 सी मार्ग जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गहमर खेमनराय पट्टी निवासी विक्की सिंह, अंकित सिंह और सौरभ सिंह रात करीब 11:30 बजे एक ही बाइक से खेलूराय पट्टी गए थे। वहां पहले से चले आ रहे विवाद को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि विक्की सिंह को पीट-पीटकर मार डाला गया और शव को बोरे में भरकर पोखरे में फेंक दिया गया।ग्रामीणों की सूचना पर गुरुवार सुबह पुलिस और एसओजी ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने पोखरे से पहले विक्की सिंह और बाद में सौरभ सिंह का शव बरामद किया। वहीं, लापता अंकित सिंह की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है।अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर ने बताया कि बुधवार रात पूर्व विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। एक पक्ष के तीन लोग इसमें शामिल थे, जिनमें से दो की मौत हो चुकी है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
गौरतलब है कि इसी इलाके में 27 सितंबर को बुढ़वा महादेव मंदिर के पास दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई के दौरान कई राउंड फायरिंग हुई थी। उस मामले में दोनों पक्षों के कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। करीब तीन महीने बाद वही विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।

