नेपाल के बैतड़ी में बरात की बस खाई में गिरी, 13 बरातियों की मौत, 34 घायल

पिथौरागढ़, जनमुख न्यूज़। भारतीय सीमा से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 बराती घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, बैतड़ी जिले के पुरचूंणी नगरपालिका-7 स्थित भवने गांव से दुल्हन लेकर बजांग जिले के सुनकुड़ा जा रही बरात की बस बृहस्पतिवार रात पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ पर चढ़ाई के दौरान नियंत्रण खो बैठी और करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे।
जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रहरी प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि ओवरलोड होने के कारण बस चढ़ाई नहीं चढ़ सकी और पीछे की ओर लुढ़कते हुए खाई में गिर गई। दुर्घटना में छह बरातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच की डडेलधुरा और दो की कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान जान चली गई।
हादसे में घायल 34 बरातियों को नेपाल एपीएफ, प्रहरी और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। कई घायलों की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है। शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। शादी वाले घर और गांव में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने सामान्य रूप से घायल चालक कंचनपुर जिले के भीमदत्त नगरपालिका-7 निवासी विरेंद्र बुढ़ा को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस दुर्घटना में बजांग और बैतड़ी जिलों के कुल 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें केशव राज जोशी (40), अशोक राज जोशी (13), बसंत राज जोशी (35), बिष्णु दत्त जोशी (41), नरेश राज जोशी (42), बिशन दत्त जोशी (17), दीपक जोशी (28), किशन जोशी (46), मोहन देव भट्ट (60), केशव भट्ट (27), बसंत राज रतला (40), पुष्पा अवस्थी (40) और सुशील जोशी (40) शामिल हैं।

