बेमौसम बारिश से फसल नुकसान पर सख्त योगी, तत्काल मुआवजा देने के निर्देश

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बेमौसम बारिश से प्रभावित फसलों के नुकसान का तत्काल आकलन कर किसानों को जल्द मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा और स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को फील्ड में जाकर हालात का जायजा लेने और प्रभावित क्षेत्रों में वास्तविक स्थिति के आधार पर नुकसान का आंकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया केवल कागजी न होकर जमीनी हकीकत पर आधारित होनी चाहिए, ताकि किसानों को समय पर और सही सहायता मिल सके।
उन्होंने राहत आयुक्त को भी निर्देशित किया कि वे फील्ड अधिकारियों से लगातार संपर्क और समन्वय बनाए रखें तथा सभी जरूरी सूचनाएं समय पर शासन तक पहुंचाएं, जिससे राहत कार्यों में कोई देरी न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए। प्रदेश सरकार हर स्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और किसी भी आपदा में उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी। साथ ही अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी किसान को परेशानी का सामना न करना पड़े।

