आजमगढ़ में युवक की पीट-पीटकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

आजमगढ़, जनमुख न्यूज़। जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। इटैली बाजार से घर लौट रहे दरिया नेवादा निवासी अखिलेश सोनकर (25) पर रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से अखिलेश को मेहनाजपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे लालगंज रेफर कर दिया। लालगंज अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना से नाराज लोगों ने बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे मेहनाजपुर–वाराणसी–चिरैयाकोट तिराहे पर जाम लगा दिया।
सूचना पर पहुंचे सीओ लालगंज भूपेश पांडेय सहित अन्य अधिकारियों ने लोगों को समझाया और 12 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब 11:30 बजे जाम समाप्त कराया गया।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पुलिस प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। देर रात हुई इस वारदात को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।

