वाटर कूलर में उतरा करंट, पानी लेने गए जिम संचालक की मौत

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। चेतगंज थाना क्षेत्र के काली महाल तिराहे पर मंगलवार सुबह वाटर कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपनी दुकान और जिम के लिए पानी लेने वाटर कूलर के पास पहुंचे थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।मृतक की पहचान काली महाल निवासी त्रिलोकी मोदनवाल उर्फ मंटू (50) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, मंटू रामकटोरा स्थित द फिटनेस किंग जिम के संचालक और जिम ट्रेनर थे। इसके अलावा वह पान के पत्ते का कारोबार भी करते थे।
बताया गया कि मंगलवार सुबह बारिश के कारण जिम नहीं खुला था और मंटू घर पर ही थे। इसी दौरान वह काली महाल तिराहे पर लगे वाटर कूलर से पानी लेने गए। पानी भरते समय अचानक उन्हें तेज करंट लगा और वह उसकी चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना तेज था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं। सभी बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं।परिजनों के अनुसार, काली महाल तिराहे पर यह वाटर कूलर कुछ दिन पहले ही शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी की ओर से लगवाया गया था। हादसे की सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वाटर कूलर में करंट उतरने के कारणों की जांच शुरू की।
घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए विद्युत उपकरणों की सुरक्षा और उनकी नियमित जांच को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और बिजली विभाग की जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

