वाराणसी में मिला महिला का शव, हत्या की आशंका: पत्थर से कूंचा गया है महिला का चेहरा

वाराणसी, जनमुख न्यूज। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के अहरक नहर पुलिया के समीप शुक्रवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। हत्यारों ने महिला की हत्याकर शव को नहर की पुलिया के नीचे फेंक दिया था। महिला के सिर और मुंह को पत्थर से कूचकर पहचान भी मिटा दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के द्वारा आसपास के लोगों से महिला की शिनाख्त कराने की कोशिश की गई लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने अहरक नहर पुलिया पहुंचकर फिंगर प्रिंट और साक्ष्य जुटाए। महिला पुलिसकर्मी ने तलाशी ली लेकिन पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिल सका। महिला के शरीर पर भी कई चोट के निशान हैं।
जानकारी अनुसार, अहरक पश्चिम पुर गांव के ग्रामीण शुक्रवार की सुबह नहर की तरफ टहलने के लिए गए। इस दौरान सातोंमहुआ-मंगारी मार्ग के किनारे नहर पुलिया के समीप करीब ६० वर्षीय महिला का शव देखकर लोग हैरान रह गए। मुआयना के बाद शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया है और महिला के शिनाख्त का प्रयास कर रही है। उसका फोटो सोशल मीडिया ग्रुप और आसपास के गांव में भेजा गया है।
गोमती जोन के डीसीपी गोमती प्रमोद कुमार ने बताया कि महिला की हत्या कहीं और करके शव को दुल्लीपुर नहर के पास सड़क किनारे फेंका गया है। महिला की उम्र लगभग ६० वर्ष के आसपास है और उसके जिसके सिर, आंख, चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। मृतका के सिर पर पत्थर या किसी ठोस वस्तु से मारा गया है। घटना सीधे तौर पर हत्या है और पुलिस इसकी जांच कर रही है। महिला की शिनाख्त के लिए टीमें लगाई हैं जो हर स्तर पर पड़ताल कर रही हैं।

