अयोध्या पहुंचे अजय राय, हनुमानगढ़ी में की पूजा; राम मंदिर चढ़ावे को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

अयोध्या, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रविवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन कर हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितता और चोरी के आरोपों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
अजय राय ने आरोप लगाया कि चढ़ावे की चोरी के आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “अब सरकार पर नहीं, हनुमान जी पर भरोसा है। हनुमान जी अपना गदा उठाएं और चंदा चोरों का फैसला करें।”राम मंदिर में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। अजय राय ने कहा कि मंदिर से जुड़े महत्वपूर्ण धार्मिक कार्यों में धर्माचार्यों की भूमिका होनी चाहिए और नियुक्तियां शंकराचार्य की देखरेख में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राम मंदिर को व्यापार का केंद्र बनाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन के सवाल पर अजय राय ने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। हालांकि उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा सरकार को हटाने के साथ ही चढ़ावे की कथित चोरी के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस संघर्ष करेगी।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े मामले की रिपोर्ट सामने आने के बाद कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी। अजय राय ने एथेनॉल के मुद्दे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि जिन लोगों पर चढ़ावे में अनियमितता के आरोप हैं, वे अब एथेनॉल के जरिए भी लोगों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
इस दौरान कांग्रेस प्रवक्ता अखिलेश, जिलाध्यक्ष चेतनारायण सिंह, महिला जिलाध्यक्ष रेनू राय, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप निषाद, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, नंदकुमार गुप्ता, राम तेज वर्मा, रवि कुमार श्रीवास्तव, घनश्याम सिंह, राजकुमार पांडे, श्रीनिवास तिवारी और राम निहाल निषाद समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

