काशी पहुंचे कांग्रेस के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव वरुण चौधरी, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव एवं प्रयागराज जोन के प्रभारी वरुण चौधरी रविवार को दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर काशी पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ व स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया और नारेबाजी की।
एयरपोर्ट से काशी के रास्ते में अतुलानंद स्कूल, लहुराबीर और मैदागिन सहित विभिन्न स्थानों पर भी कांग्रेसजनों ने वरुण चौधरी का स्वागत किया। काशी पहुंचने के बाद वरुण चौधरी ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, बाबा काल भैरव मंदिर और संत रविदास मंदिर, सीर गोवर्धनपुर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने बीएचयू के लंका गेट पर छात्रों से मुलाकात कर संवाद किया।
प्रयागराज जोन के संगठनात्मक दौरे के दौरान वरुण चौधरी ने मिर्जापुर, जौनपुर, सोनभद्र, गाजीपुर, चंदौली, भदोही और वाराणसी के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। बैठकों में संगठन की स्थिति, बूथ स्तर पर सक्रियता, आगामी कार्यक्रमों और स्थानीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। वरुण चौधरी ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना कांग्रेस की प्राथमिकता है। कार्यकर्ताओं की समस्याओं, सुझावों और जमीनी अनुभवों को संगठन की आगामी रणनीति में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेसजनों से आपसी समन्वय, अनुशासन और एकजुटता के साथ जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल चुनाव लड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के मुद्दों और अधिकारों की लड़ाई लगातार सड़क पर लड़ती रहेगी।
जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि वरुण चौधरी के संगठनात्मक दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि वाराणसी सहित पूरे प्रयागराज जोन में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, युवाओं, लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। कार्यक्रम में फसाहत हुसैन बाबू, राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, वकील अंसारी, अरुण सोनी, रमजान अली, मयंक चौबे, संतोष चौरसिया, ओमप्रकाश ओझा, मनीष मोरोलिया, विशाल सिंह, ऋषभ पांडेय, चंचल शर्मा, हसन मेहदी कब्बन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

