यमुना एक्सप्रेसवे पर टूरिस्ट बस ने सड़क पर खड़ी बस में मारी टक्कर, दो की मौत, १२ घायल

अलीगढ़, जनमुख न्यूज। आज अलसुबह यमुना एक्सप्रेस वे पर उस समय बड़ा हादसा हो गया जब महाकुंभ से लौट रही टूरिस्ट बस ने एक्सप्रेसवे पर पहले से खड़ी बस को टक्कर मार दी। टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई और १२ लोग घायल हुए हैं। घायलों का जेवर के कैलाश अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बताया जाता है कि टप्पल क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे पर सुबह तड़के ५.३० बजे सवारियों से भरी बस सड़क पर खड़ी थी। तभी यात्रियों से भरी टूरिस्ट बस ने पीछे से खड़ी बस में टक्कर मार दी। टक्कर से टूरिस्ट बस में सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में १२ यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टूरिस्ट बस कुम्भ मेल प्रयागराज से बलम्भगढ जा रही थी, जिसमें १६ सवारी मौजूद थीं। इस हादसे में जो दो लोग मारे गए उनके नाम हैं पवन पुत्र हरि सिंह निवासी ग्राम सिही थाना सैक्टर ८ फरिदाबाद हरियाणा उम्र करीब ५३ वर्ष व महेन्द्र त्यागी पुत्र हरिशचन्द्र निवासी घरोडा थाना छायसा फरिदाबाद हरियाणा उम्र करीब ७३ वर्ष।

