संपत्ति का ब्योरा न देने वाले कर्मचारियों की बिगड़ेगी होली!

लखनऊ, जनमुख न्यूज। उत्तर प्रदेश सरकार की सख्ती के चलते अपनी संपत्ति का ब्यौरा मानव संपदा पोर्टल पर नहीं देने वाले कर्मचारियों को फरवरी के वेतन का भुगतान मार्च में नहीं किया जाएगा। ऐसे में मार्च के मध्य में होली के त्योहार को देखते हुए इन कर्मचारियों की होली बिगड़ना तय हैं। यूपी के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कहा कि सभी कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से २८ फरवरी तक अपनी चल और अचल संपत्ति का विवरण मानव संपदा पोर्टल पर दे देना है। प्रदेश में जिन भी कर्मचारियों ने यह ब्योरा नहीं दिया है उनका फरवरी माह का वेतन रोक दिया जाएगा।
मालूम हो कि सभी कर्मचारियों को ३१ दिसंबर २०२४ को ही अपनी चल और अचल संपत्ति का ब्योरा देना था। इसके बाद संपत्ति का ब्योरा देने की यह तिथि बार-बार बढ़ाई जाती रही है। जनवरी और फरवरी के पहले सप्ताह में यह तिथि दो बार बढ़ाई गई है।
सीएम योगी ने पहले ही निर्देश दिए थे कि सर्विस बुक को मानव संपदा पोर्टल पर ई-सर्विस बुक के रूप में परिवर्तित करते हुए सभी तरह के अवकाश और एसीपी आदि संबंधी कार्य भी १ जनवरी २०२४ से मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ही किए जाएं।

