नहर में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत, झूला झूलते समय हुआ हादसा

चंदौली, जनमुख न्यूज़। बलुआ थाना क्षेत्र के मथेला गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसे में दो सगे भाई-बहन की नहर में डूबने से मौत हो गई। नहर किनारे पेड़ पर लगे झूले पर झूल रही चार वर्षीय साक्षी का अचानक हाथ छूट गया और वह लबालब भरी नहर में जा गिरी। बहन को बचाने के लिए उसका 10 वर्षीय भाई क्षितिज भी नहर में उतर गया, लेकिन गहरे पानी में दोनों डूब गए।
हादसे के समय साक्षी का छह वर्षीय बहन लक्ष्मी भी मौके पर मौजूद थी। घटना के बाद वह घबराकर घर पहुंची और परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण नहर किनारे पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू कर दी।करीब आधे घंटे की तलाश के बाद ग्रामीणों ने साक्षी को नहर से बाहर निकाला। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे तक तलाश करने के बाद क्षितिज को भी बाहर निकाल लिया गया। बलुआ पुलिस दोनों बच्चों को चहनिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।गोबिंद कुशवाहा के तीन बच्चे क्षितिज (10), लक्ष्मी (6) और साक्षी (4) थे। क्षितिज कक्षा चार और लक्ष्मी कक्षा दो में पढ़ते थे, जबकि साक्षी आंगनबाड़ी की शिक्षा के बाद प्राथमिक विद्यालय में पढ़ रही थी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है और गांव में शोक की लहर है।

