महाकुंभ से झारखंड लौट रही कार घर में घुसी, ४ लोगों की मौत

प्रयागराज, जनमुख न्यूज। महाकुंभ मेले से लौटते श्रद्धालुओं के वाहनों के हादसे का क्रम मेले के आखिरी दिन भी नहीं थमा। महाकुंभ से लौट रहे झारखंड के ४ लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई और ३ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जाता है कि हादसा प्रयागराज-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतापगढ़ के देहात कोतवाली इलाके के राजगढ़ गांव के बबुरहा मोड़ के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ७ लोग कार में सवार होकर अयोध्या में रामलला के दर्शन के बाद प्रयागराज महाकुंभ के अंतिम स्नान पर्व से झारखंड जा रहे थे। रात दो बजे के करीब तेज रफ्तार के कारण कार बेकाबू होकर सड़क किनारे एक घर में घुस गई। हादसे में ४ लोगों की मौत हो गई और ३ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस और ग्रामीणों को कार में सवार श्रद्धालुओं को बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आनन-फानन सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। वहीं, हादसे में घर में सो रहे दंपति भी घायल हो गए हैं।
मृतकों में रामगढ़ जिले के भुरकुंडा के भदानीनगर क्षेत्र का अभिषेक ओझा, चालक सनाउल्ला, भुरकुंडा का सौरव गुप्ता और रांची के अभिषेक सिंह शामिल है। इसके अलावा रोहित, आकाश, रूपेश गंभीर रूप से घायल हैं।

