अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जवाबी टैरिफ का ऐलान, भारत समेत कई देशों पर बढ़ाया शुल्क

भारत, चीन और कंबोडिया पर बढ़ा आयात शुल्क
नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्यापारिक संतुलन बहाल करने के उद्देश्य से विभिन्न देशों पर जवाबी टैरिफ लगाने की घोषणा की है। उन्होंने भारत से आयात होने वाले उत्पादों पर 26% रियायती टैक्स लगाने का फैसला किया है, जबकि कंबोडिया से आयातित वस्तुओं पर 49% और चीन से आने वाले उत्पादों पर 34% शुल्क लगाया जाएगा। ट्रंप ने कहा, “हमारा देश अन्य देशों द्वारा लूटा गया है और अब यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
पीएम मोदी को बताया अच्छा दोस्त, लेकिन भारत पर की सख्ती
ट्रंप ने “मेक अमेरिका वेल्थी अगेन” इवेंट में कहा कि भारत व्यापार के मामले में बहुत सख्त है। उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना अच्छा दोस्त बताते हुए कहा, “भारत हमसे 52% शुल्क लेता है, जबकि हम उनसे लगभग कुछ भी नहीं लेते। यह अनुचित व्यापार नीति है।”
विभिन्न देशों पर लगाया गया टैरिफ
अमेरिका ने कई देशों पर टैरिफ बढ़ाया है:
वियतनाम – 46%
स्विट्जरलैंड – 31%
ताइवान – 32%
जापान – 24%
ब्रिटेन – 10%
ब्राजील – 10%
इंडोनेशिया – 32%
सिंगापुर – 10%
दक्षिण अफ्रीका – 30%
ऑटोमोबाइल और ऑटो पार्ट्स पर टैरिफ
अमेरिका ने विदेशी ऑटोमोबाइल के आयात पर 25% शुल्क लगाने की घोषणा की है। यह नया टैरिफ 3 अप्रैल से लागू होगा, जबकि ऑटो पार्ट्स पर यही शुल्क 3 मई से प्रभावी होगा।
व्यापार घाटे को बताया राष्ट्रीय आपातकाल
ट्रंप ने कहा कि व्यापार घाटा केवल एक आर्थिक मुद्दा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आपातकाल है। उन्होंने कहा, “कई बार मित्र देश भी व्यापार के मामले में शत्रु से बदतर साबित होते हैं। हम कई देशों को सब्सिडी देते हैं, लेकिन वे हमें नुकसान पहुंचाते हैं। अब अमेरिका को पहले स्थान पर रखना होगा।”
5 अप्रैल से लागू होंगे नए टैरिफ
व्हाइट हाउस के अनुसार, ये नए टैरिफ 5 अप्रैल से लागू होंगे। बेसलाइन 10% टैरिफ 5 अप्रैल को रात 12:01 बजे प्रभावी होगा, जबकि विशेष देशों के लिए बढ़ी हुई दरें 9 अप्रैल से लागू होंगी। यह फैसला वैश्विक व्यापार पर गहरा प्रभाव डाल सकता है और अमेरिका के व्यापारिक संबंधों को नया मोड़ दे सकता है।

