“पति का अनोखा त्याग: जौनपुर में विवाहिता ने प्रेमी संग रचाई शादी, भीगी आंखों से विदा किया पति ने”

जौनपुर, जनमुख न्यूज़। जिले के सुइथाकलां क्षेत्र स्थित जंगीपुर गांव में एक अनोखा मामला सामने आया, जहां एक पति ने अपने प्यार और रिश्ते की मर्यादा निभाते हुए अपनी ही पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करवा दी। यह शादी सोमवार को सरायमोहिउद्दीनपुर के दुर्गा मंदिर में संपन्न हुई, जहां विवाह के बाद पति ने नम आंखों से दोनों को विदा किया।
जंगीपुर निवासी अरविंद बिंद की शादी वर्ष 2023 में खेतासराय थाना क्षेत्र के जमदहा गांव की रहने वाली रीता से धूमधाम से हुई थी। शादी के कुछ महीने बाद अरविंद, पत्नी रीता को लेकर नोएडा चला गया। वहां अरविंद को रीता की फोन पर किसी अनजान युवक से बातचीत पर शक हुआ। पूछने पर रीता ने रिश्तेदार से बात करने का हवाला दिया, लेकिन पति के मन में संदेह गहराता गया।
इसी बीच रीता की तबीयत खराब हुई और उसने मायके जाने की इच्छा जताई, जिस पर अरविंद ने उसे भेज दिया। कुछ दिन बाद रीता का फोन बंद हो गया और जब ससुराल वालों से संपर्क किया गया तो पता चला वह अपनी बहन के यहां गई है। काफी प्रयासों के बाद रीता से संपर्क हुआ और परिजनों के समझाने पर अरविंद उसे वापस नोएडा ले गया।
नोएडा पहुंचने पर रीता ने अपने प्रेम संबंध की बात कबूल की और प्रेमी के साथ ही रहने की जिद करने लगी। अरविंद ने काफी प्रयास किए कि रिश्ता बच जाए, लेकिन जब रीता का फैसला नहीं बदला, तो अंततः उसने खुद पहल करते हुए पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराने का निर्णय लिया।
सोमवार को अरविंद रीता को लेकर जौनपुर लौटा और सरायमोहिउद्दीनपुर के दुर्गा मंदिर में रीता और उसके प्रेमी की शादी करवा दी। शादी के बाद अरविंद ने नम आंखों से दोनों को विदा किया। यह शादी दोनों परिवारों की सहमति से हुई। इस घटना की इलाके में खूब चर्चा हो रही है—जहां कुछ लोग पति के प्रेम और त्याग की सराहना कर रहे हैं, वहीं कई लोग पत्नी के व्यवहार की आलोचना भी कर रहे हैं।

