भारत का दबदबा: गिल और यशस्वी के शतकों से इंग्लैंड पर भारी, पहले दिन 3 विकेट पर 359 रन

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के पहले दिन टीम इंडिया ने दमदार प्रदर्शन किया। स्टंप्स तक भारत ने अपनी पहली पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 359 रन बना लिए हैं। कप्तान शुभमन गिल 127 रन और उपकप्तान ऋषभ पंत 65 रन बनाकर नाबाद हैं। गिल ने 175 गेंदों में 16 चौकों और एक छक्के की मदद से शतक जड़ा, जबकि पंत ने 102 गेंदों में छह चौके और दो छक्के लगाते हुए अर्धशतक पूरा किया।
दिन की शुरुआत में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने ओपनिंग की और पहले विकेट के लिए 91 रनों की मजबूत साझेदारी की। राहुल 42 रन बनाकर ब्रायडन कार्स की गेंद पर आउट हुए। डेब्यू कर रहे साई सुदर्शन खाता खोले बिना पवेलियन लौटे।
इसके बाद यशस्वी और गिल ने पारी को संभाला। यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड की सरजमीं पर अपने पहले ही मैच में शानदार शतक जड़ा और गिल के साथ मिलकर दूसरे सत्र में इंग्लिश गेंदबाजों को कोई सफलता नहीं दी। यशस्वी 101 रन बनाकर स्टोक्स की गेंद पर आउट हुए।
इसके बाद ऋषभ पंत मैदान पर आए और गिल के साथ मोर्चा संभालते हुए दिन का खेल समाप्त होने तक चौथे विकेट के लिए नाबाद 138 रन की साझेदारी कर डाली। इंग्लैंड के लिए अब तक स्टोक्स ने दो और ब्रायडन कार्स ने एक विकेट लिया है। दूसरे दिन भारत की कोशिश अपनी स्थिति को और मज़बूत करने की होगी।

