वाराणसी में घूस लेते पकड़े गए दरोगा और सिपाही, एंटी करप्शन टीम ने रंगेहाथ किया गिरफ्तार

डमी छायाचित्र
वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जनपद के मंडुवाडीह क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर भ्रष्टाचार निरोधक संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस कमिश्नरेट से जुड़े एक दरोगा और एक हेड कांस्टेबल को 15,000 रुपये घूस लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। दोनों को तत्काल गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए कैंट थाने ले जाया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सब-इंस्पेक्टर अभय नाथ तिवारी और हेड कांस्टेबल शक्ति सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, इन दोनों पुलिसकर्मियों ने एक केस में आरोपी को बचाने के बदले पीड़ित से 15 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी सूचना एंटी करप्शन टीम को दी थी।
टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले से चिन्हित नोटों के साथ दोनों को रंगेहाथ पकड़ लिया। जब दोनों के हाथ धुलवाए गए तो नोटों पर लगा केमिकल उनके हाथों पर साफ दिखाई दिया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।
फिलहाल दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है।

