पति और बच्चों को छोड़ 10 साल छोटे प्रेमी के साथ रहने पर अड़ी महिला, पुलिस भी नहीं मना पाई

सोनभद्र, जनमुख न्यूज़। जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक महिला द्वारा अपने पति और पांच बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने की जिद करने का मामला सामने आया है। महिला मूल रूप से चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। उसकी सबसे बड़ी बेटी करीब 14 साल की है और कुल पांच बच्चे हैं।
बताया जा रहा है कि महिला पिछले छह महीनों से मधुपुर क्षेत्र के एक गांव के युवक के संपर्क में थी, जिसकी उम्र लगभग 23 वर्ष है—महिला से करीब 10 साल छोटा। दोनों के बीच धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं और अब महिला अपने प्रेमी के साथ रहने लगी है।
गुरुवार को जब पति, बच्चे और अन्य परिजन महिला की तलाश करते हुए प्रेमी के घर पहुंचे, तो उन्होंने उसे साथ चलने के लिए काफी मनाने की कोशिश की, लेकिन वह टस से मस नहीं हुई। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी भी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझाने का प्रयास किया, मगर वह प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही।
बताया गया कि महिला का देवर उसी गांव में रहता है और उसके घर आते-जाते समय महिला की पहचान प्रेमी युवक से हुई थी। मामला अब सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

