ससुराल में विवाहिता ने लगाई फांसी, मायके वालों ने जताई हत्या की आशंका, दहेज का आरोप

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। सारनाथ थाना क्षेत्र के सलारपुर इलाके में शुक्रवार की आधी रात एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। महिला का शव कमरे में फंदे से झूलता मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान महिमा सोनी (25 वर्ष), निवासी बदलापुर, जौनपुर के रूप में हुई है। उनकी शादी 28 नवंबर 2022 को अशोक सेठ निवासी सलारपुर, सारनाथ वाराणसी से हुई थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद अशोक ने पत्नी को थप्पड़ मार दिया। नाराज महिमा अपनी दो साल की बच्ची को लेकर कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
कुछ देर बाद जब अशोक ने दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। झांकने पर देखा गया कि महिमा ने साड़ी के सहारे पंखे से फांसी लगा ली थी। शोर सुनकर जुटे पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटनास्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी, चौकी प्रभारी अनुप शुक्ला और एसीपी सारनाथ ने दरवाजा खुलवाया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कराई। इसके साथ ही मृतका के मायके पक्ष को सूचना दी गई।
परिजनों के पहुंचते ही ससुराल पक्ष और मायके वालों के बीच विवाद हो गया। मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने परिजनों से तहरीर लेकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

