नीरज चोपड़ा ने एनसी क्लासिक 2025 का खिताब जीता, 86.18 मीटर का शानदार थ्रो

बंगलुरु, जनमुख न्यूज़। भारतीय भालाफेंक स्टार नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए एनसी क्लासिक 2025 में स्वर्ण पदक जीत लिया। शनिवार को बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उन्होंने 86.18 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंकते हुए पहला स्थान हासिल किया।
नीरज की शुरुआत हालांकि फाउल थ्रो से हुई, लेकिन उन्होंने दूसरे प्रयास में 82.99 मीटर की दूरी तय की। इसके बाद तीसरे प्रयास में उन्होंने 86.18 मीटर का शानदार थ्रो किया, जो पूरे इवेंट का सर्वश्रेष्ठ रहा। उनके बाकी थ्रो क्रमश: फाउल, 84.07 मीटर और 82.22 मीटर रहे।
इस प्रतियोगिता में केन्या के ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट और 2015 वर्ल्ड चैंपियन जूलियस येगो ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने चौथे प्रयास में 84.51 मीटर का थ्रो फेंकते हुए रजत पदक जीता। यह उनका सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो भी रहा।
श्रीलंका के रूमेश पथिरगे ने 84.34 मीटर की दूरी तय करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
नीरज चोपड़ा की यह जीत पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद उनके निरंतर अच्छे फॉर्म को दर्शाती है और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए उनके आत्मविश्वास को और मजबूत बनाती है।

