उपराष्ट्रपति चुनाव: इंडिया गठबंधन प्रत्याशी न्यायमूर्ति बी. सुदर्शन रेड्डी ने मांगा सर्वदलीय समर्थन, लखनऊ में हुआ भव्य स्वागत

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। इंडिया गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार न्यायमूर्ति बी. सुदर्शन रेड्डी ने मंगलवार को लखनऊ पहुंचकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी समेत कई दल उनका समर्थन कर रहे हैं और प्रयास रहेगा कि अन्य राज्यों के सांसद भी उनके साथ जुड़ें। एयरपोर्ट पर उनका कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय में महात्मा गांधी और इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
प्रेसवार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा उपराष्ट्रपति जैसे संवैधानिक पद को एक विशेष विचारधारा तक सीमित करना चाहती है, जबकि इंडिया गठबंधन ने न्याय और संविधान की रक्षा करने वाले न्यायमूर्ति बी. सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने भरोसा जताया कि जो दल न्याय और संवैधानिक मूल्यों के पक्षधर हैं, वे अंतरात्मा की आवाज पर रेड्डी को समर्थन देंगे।
रेड्डी ने कहा कि उपराष्ट्रपति का पद राजनीतिक नहीं, बल्कि उच्च संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने संविधान की प्रति दिखाते हुए कहा कि उनकी यात्रा 1971 से संविधान और न्याय की रक्षा के लिए रही है और आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने सपा और कांग्रेस सहित सभी दलों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे लोकतंत्र और संविधान की मजबूती के लिए पूरी तरह समर्पित हैं।
प्रेसवार्ता में सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, अजय राय और आराधना मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। रेड्डी ने कहा कि महात्मा गांधी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में नफरत खत्म करना ही उनका संकल्प है।

