यूपी सरकार ने 2026 का छुट्टी कैलेंडर जारी किया; 24 सार्वजनिक अवकाश और कर्मचारियों को कई लंबी छुट्टियों का लाभ

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश सरकार ने साल 2026 का छुट्टी कैलेंडर जारी कर दिया है। नया कैलेंडर लगभग पूरी तरह 2025 की तरह ही है और इसमें किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। इस बार भी 24 दिन सार्वजनिक अवकाश और 31 दिन निर्बंधित (ऐच्छिक) अवकाश निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा 1 अप्रैल को वाणिज्यिक बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी के कारण बैंक बंद रहेंगे।
सरकारी कर्मचारियों के लिए 2026 का कैलेंडर कई लाभ लेकर आया है, क्योंकि कई छुट्टियाँ रविवार या अन्य अवकाश के आसपास पड़ने से लंबे वीकेंड का मौका मिलेगा।
3 जनवरी को हज़रत अली का जन्मदिवस पड़ रहा है, जबकि 4 जनवरी रविवार है—कर्मचारियों को दो दिन की लगातार छुट्टी मिलेगी।
25 जनवरी रविवार और 26 जनवरी सोमवार (गणतंत्र दिवस)—दो दिन का लंबा अवकाश।
1 मार्च रविवार, 2 मार्च होलिका दहन (सोमवार) और 4 मार्च होली (बुधवार) की वजह से, कर्मचारी 3 मार्च मंगलवार की छुट्टी लेकर 4 दिन का लंबा ब्रेक बना सकते हैं।
नवंबर में भी कर्मचारियों को लंबी छुट्टी का अवसर मिलेगा—
8 नवंबर (रविवार) दीपावली,
9 नवंबर (सोमवार) गोवर्धन पूजा,
11 नवंबर (बुधवार) भैयादूज व चित्रगुप्त जयंती।
कर्मचारी 10 नवंबर (मंगलवार) को अवकाश लेकर चार दिन का लगातार अवकाश ले सकते हैं।
सरकार द्वारा जारी यह कैलेंडर कर्मचारियों के लिए वर्ष 2026 को कई लंबे वीकेंड का अवसर बनाता है।

