पंकज चौधरी यूपी भाजपा के नए बाॅस, अध्यक्ष पद के लिए किया नामांकन: रविवार को औपचारिक ऐलान

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलना तय हो गया है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके प्रस्तावक बने। नामांकन के दौरान दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ ही कई वरिष्ठ नेता और मंत्री मौजूद रहे।
इस मौके पर मंत्री सूर्यप्रताप शाही, स्वतंत्रदेव सिंह, दारा सिंह चौहान, ए.के. शर्मा, कमलेश पासवान और राज्यमंत्री असीम अरुण भी कार्यक्रम में शामिल हुए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पंकज चौधरी का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।
रविवार को लखनऊ स्थित लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में औपचारिक रूप से नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल इस घोषणा कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। पंकज चौधरी दोपहर एक बजे पीयूष गोयल और विनोद तावड़े के साथ लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में पंकज चौधरी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर सभी भाजपा सांसदों को आमंत्रित किया गया है और आगे का निर्णय पार्टी करेगी।
पंकज चौधरी कुर्मी (ओबीसी) समुदाय से आते हैं, जिसे उत्तर प्रदेश में एक बड़ा और प्रभावशाली वोट बैंक माना जाता है। उनका जन्म 15 नवंबर 1964 को गोरखपुर में हुआ। उन्होंने राजनीति की शुरुआत वर्ष 1989 में गोरखपुर नगर निगम के पार्षद के रूप में की थी। इसके बाद 1990 में वह भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्य समिति के सदस्य बने।
वर्ष 1991 में 10वीं लोकसभा के लिए महराजगंज सीट से भाजपा टिकट पर पहली बार सांसद चुने गए। इसके बाद 1996 और 1998 में भी वह सांसद रहे। 1999 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन 2004 में उन्होंने फिर वापसी की। 2009 में पराजय के बाद 2014 से वह लगातार लोकसभा के सदस्य बने हुए हैं।
भाजपा संगठन में लंबे अनुभव और सामाजिक समीकरणों को देखते हुए पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है, जिससे आगामी चुनावी रणनीति को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

