वाराणसी में दिनदहाड़े फायरिंग, बाइक सवार बदमाशों ने दो युवकों को मारी गोली

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जनपद के बड़ागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार हमलावरों ने युवकों के एक समूह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब 10 मिनट के भीतर चार राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य बाल-बाल बच गए।घटना दयालपुर (रसूलपुर) इलाके की है। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और बदमाशों को घेरने की कोशिश की। खुद को घिरता देख हमलावर पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक, रसूलपुर न्याय पंचायत के अंतर्गत दयालपुर बगीचा में अज्ञात बदमाशों ने रामू यादव (निवासी इंदरपुर) और रसूलपुर निवासी बनारसी सिंह के बेटे को गोली मार दी। दोनों को इलाज के लिए शिवपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना प्रभारी अमित मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायरिंग की पुष्टि की। पुलिस आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

