काल भैरव मंदिर में वार्षिक श्रृंगार और अन्नकूट उत्सव, 56 भोग अर्पित कर हुआ भव्य आयोजन

काशी, जनमुख न्यूज़। काशी के कोतवाल कहे जाने वाले बाबा काल भैरव मंदिर में वार्षिक श्रृंगार और अन्नकूट उत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ।
इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर के महंत योगेश्वर बाबा काल भैरव ने बताया कि परंपरा के अनुसार प्रतिवर्ष बाबा का वार्षिक श्रृंगार और अन्नकूट महोत्सव मनाया जाता है। इस दौरान श्री श्री 1008 बाबा काल भैरव को 56 प्रकार के भोग अर्पित किए गए। इनमें विभिन्न फल, मिष्ठान, मदिरा सहित अनेक प्रकार के प्रसाद शामिल रहे। बाबा को विशेष वस्त्र धारण कराकर विधि-विधान से श्रृंगार आरती की गई।
श्रृंगार और आरती के उपरांत मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। बाबा के अलौकिक और दिव्य स्वरूप के दर्शन हेतु श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भक्त जयकारे लगाते हुए बाबा काल भैरव से सुख-समृद्धि, सुरक्षा और मंगलकामना की प्रार्थना करते नजर आए।महंत ने बताया कि वार्षिक श्रृंगार के इस विशेष अवसर पर रात्रि 11 बजे तक दर्शन-पूजन का क्रम निरंतर जारी रहेगा।

