वाराणसी–भदोही मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार पलटी; एक की मौत, दो गंभीर

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। भदोही मार्ग पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा जाने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। टक्कर के बाद कार पलट गई, जिसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस की मदद से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही एक युवक की मौत हो गई।
लोहता थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि कार में सवार तीनों लोग जंसा से चांदपुर की ओर जा रहे थे। कस्बे के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और पलट गई। हादसे में सिद्धार्थ (30), श्रेयस (32) और सुजीत (36) गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों घायलों को एंबुलेंस से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में सुजीत पुत्र शिवशंकर, निवासी जंसा ने दम तोड़ दिया। वहीं, सिद्धार्थ और श्रेयस का इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

