वाराणसी में तीन दिन घने कोहरे का अलर्ट, तापमान बढ़ने से दिन में मिली राहत

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जिले में अगले तीन दिनों तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जबकि रविवार और सोमवार के लिए यलो अलर्ट घोषित किया है। शनिवार को पूरा शहर बादलों की चपेट में रहा और सुबह हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी घना कोहरा छाया रहा, जिससे गलन बनी रही और लोग घरों में ही रहने को मजबूर हुए।कोहरे के कारण दृश्यता में भारी कमी देखी गई। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे न्यूनतम दृश्यता घटकर 100 मीटर तक पहुंच गई थी, हालांकि रात 8 बजे के बाद इसमें सुधार हुआ और दृश्यता बढ़कर करीब 500 मीटर हो गई।
कोहरे की चेतावनी के बीच काशी के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बीते 10 दिनों से भीषण ठंड झेल रहे काशीवासियों को शुक्रवार को राहत मिली, जब दिन का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर पहुंचते हुए 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धूप निकलने के बाद लोग लंबे समय तक धूप का आनंद लेते नजर आए।शुक्रवार को जिले का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सुबह 7 बजे तक घना कोहरा छाया रहा, लेकिन इसके बाद मौसम साफ होने लगा और करीब 9 बजे धूप निकलने से तापमान तेजी से बढ़कर 20 डिग्री के पार पहुंच गया। दोपहर 2 बजे तक मौसम इतना सुहावना हो गया कि लोगों को स्वेटर और जैकेट उतारने पड़े। हालांकि दिन के दौरान करीब 6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवा भी चलती रही।

