काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव का सवा लाख रुद्राक्ष से हुआ वार्षिक श्रृंगार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव का वार्षिक श्रृंगार समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर बाबा काल भैरव का भव्य श्रृंगार सवा लाख रुद्राक्ष से किया गया, वहीं पूरा मंदिर परिसर भी रुद्राक्ष से आकर्षक रूप से सजाया गया, जिससे भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।मीडिया से बातचीत करते हुए वैभव दुबे ने बताया कि बाबा काल भैरव का यह वार्षिक श्रृंगार काशी की प्राचीन परंपराओं में विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि बाबा काल भैरव स्वयं रुद्राक्ष धारण करते हैं और श्रृंगार के बाद जो रुद्राक्ष भक्तों को प्रसाद रूप में प्राप्त होता है, उसका विशेष आध्यात्मिक महत्व है।

पुजारी वैभव दुबे के अनुसार, मान्यता है कि प्रसाद रूप में प्राप्त रुद्राक्ष को पानी में डालकर रखने से भगवान काल भैरव की कृपा से जीवन की नकारात्मक शक्तियां और काल बाधाएं दूर होती हैं। इसी आस्था के चलते देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन और प्रसाद प्राप्त करने के लिए मंदिर पहुंचे।श्रृंगार उत्सव के दौरान मंदिर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बना रहा। भक्तों ने बाबा काल भैरव से सुख-समृद्धि और रक्षा की कामना की।


