हुकुलगंज में मारपीट के बाद गर्भवती महिला की मौत, पेट में पल रहा बच्चा भी नहीं बचा, सड़क जाम

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। लालपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज इलाके में बीती रात हुए लड़ाई-झगड़े में गंभीर रूप से घायल एक गर्भवती महिला की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना में महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की भी जान नहीं बच सकी, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने महिला का शव सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके चलते क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण अब तक आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास करते रहे। वहीं, इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

