मेरठ कपसाड़ कांड: मुख्य आरोपी पारस सोम गिरफ्तार, अपहृत रूबी हरिद्वार से बरामद

मेरठ। कपसाड़ कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार देर शाम मुख्य आरोपी पारस सोम को गिरफ्तार कर लिया गया, वहीं मेरठ और सहारनपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अपहृत युवती रूबी को हरिद्वार से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।इस मामले को लेकर शनिवार को दिनभर राजनीतिक घमासान देखने को मिला। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता कपसाड़ गांव कूच की कोशिश में सड़कों पर उतर आए, लेकिन पुलिस ने कड़े इंतजाम करते हुए किसी को भी गांव में प्रवेश नहीं करने दिया। सपा सांसद रामजी लाल सुमन, आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद और विधायक अतुल प्रधान कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए। इस दौरान कई जगहों पर धक्कामुक्की और तीखी नोकझोंक भी हुई।गौरतलब है कि गुरुवार को कपसाड़ गांव में पारस सोम ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुनीता की हत्या कर दी थी और उनकी बेटी रूबी का अपहरण कर लिया था। तीन दिन तक न आरोपी पकड़े जा सके थे और न ही युवती का पता चल पाया था, जिससे आक्रोश बढ़ता जा रहा था और विपक्ष सरकार को घेर रहा था।शनिवार को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सभी प्रमुख सीमाओं को सील कर दिया। काशी टोल प्लाजा पर सुबह सपा सांसद रामजी लाल सुमन और विधायक अतुल प्रधान को रोक लिया गया, जहां धक्का-मुक्की के बाद दोनों धरने पर बैठ गए। शाम को नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद बाइक से किसी तरह काशी टोल पहुंचे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें भी रोक दिया। यहां भी तीखी बहस और प्रदर्शन हुआ।इसी क्रम में विधायक अतुल प्रधान की पत्नी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान को सिवाया टोल प्लाजा पर रोका गया। कांग्रेस के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम, राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल और सांसद तनुज पूनिया को भी पीड़ित परिवार से मिलने से पहले काशी टोल पर रोक दिया गया, जहां उन्होंने करीब तीन घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया।
वहीं दूसरी ओर, पूर्व विधायक संगीत सोम और भाजपा नेता सुनील भराला ने कपसाड़ गांव पहुंचकर मृतका सुनीता के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और युवती की बरामदगी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तेजी से की जाएगी

