मकर संक्रांति पर सपा का सियासी संदेश: वाराणसी में ‘पीडीए’ लिखी पतंग उड़ाकर 2027 का संकेत

वाराणसी,जनमुख न्यूज़। मकर संक्रांति के पर्व पर वाराणसी में समाजवादी पार्टी ने अनोखे अंदाज़ में राजनीतिक संदेश दिया। बुधवार को सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रसिद्ध रविदास घाट पर ‘पीडीए’ लिखी विशेष पतंग उड़ाकर 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपना इरादा जाहिर किया। घाट पर पीडीए पतंग लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
सपा कार्यकर्ता प्रदीप यादव ने बताया कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सोच को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह विशेष पतंग तैयार कराई गई। उन्होंने बताया कि सबसे पहले यह पतंग लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में अखिलेश यादव को भेंट की गई थी, जिसकी उन्होंने सराहना की और सोशल मीडिया के माध्यम से इसका संदेश पूरे प्रदेश में साझा किया।
प्रदीप यादव के अनुसार, अखिलेश यादव के निर्देश पर बनारस में कार्यकर्ताओं ने पीडीए पतंग का वितरण किया और मकर संक्रांति के दिन इसे आकाश में उड़ाकर भाजपा को 2027 से पहले राजनीतिक संदेश देने का प्रयास किया। पतंग पर साफ शब्दों में लिखा था— ‘बदलने को सरकार, पीडीए है तैयार’, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। पतंगबाजी के दौरान सरकार विरोधी नारे भी लगाए गए। सपा कार्यकर्ता शुभम ने कहा कि पीडीए समाज को एकजुट कर समाजवादी पार्टी आगामी चुनाव में एक मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
उधर, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी पीडीए पतंग की तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करते हुए प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं।

