यूपी में बदलेगा मौसम का मिज़ाज: 22 जनवरी से बारिश का दौर, पश्चिमी यूपी में ओलावृष्टि के आसार

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। कड़ाके की ठंड और फिर दिन के तापमान में बढ़ोतरी के बाद अब प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार (22 जनवरी) से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की शुरुआत होगी, जो आगे चलकर पूर्वी और मध्य यूपी तक असर दिखाएगी। इस दौरान पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिसे देखते हुए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 22 जनवरी की देर शाम या रात को पश्चिमी यूपी में बारिश शुरू होने के संकेत हैं। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 23 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश तक व्यापक बारिश हो सकती है। 24 जनवरी को बारिश की तीव्रता में कमी आएगी, जबकि 25 जनवरी को मौसम के शुष्क होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, 22 से 24 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की अस्थायी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इसके बाद अगले 48 घंटों में तापमान में इतनी ही और वृद्धि होने की संभावना है।
इसके अलावा, एक और पश्चिमी विक्षोभ के असर से 26 जनवरी से पश्चिमी यूपी में फिर बारिश का सिलसिला शुरू होकर 27 जनवरी तक पूर्वी यूपी तक पहुंच सकता है, जो एक-दो दिन और जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 23 जनवरी को कुछ जिलों में मेघगर्जन के साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए संबंधित जिलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है।

