सूर्या–ईशान का तूफान, भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से रौंदा, टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। भारत ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली है। शुक्रवार को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल कर लिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड टीम ने कप्तान मिचेल सैंटनर की नाबाद 47 रन और रचिन रवींद्र की 44 रनों की पारी की बदौलत 20 ओवर में छह विकेट पर 208 रन बनाए।
जवाब में भारत ने आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार नजारा पेश किया। ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव की विस्फोटक पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने महज 15.2 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ईशान किशन ने 76 रन बनाए, जबकि सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 82 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली।
इस मुकाबले में भारत की ओर से दो अर्धशतक लगे। ईशान किशन ने सिर्फ 21 गेंदों में अपने टी20 करियर का सातवां अर्धशतक पूरा किया और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। वहीं सूर्यकुमार यादव ने भी शानदार अर्धशतक जमाया और इस सूची में केएल राहुल और रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए, जिन्होंने 23-23 गेंदों में न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाए हैं।
टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, जो 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। ऐसे में कप्तान सूर्यकुमार यादव का फॉर्म में लौटना टीम इंडिया के लिए बेहद सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

