वाराणसी में रिहायशी इलाके से सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 4 युवतियां और एक ग्राहक गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जिले में पुलिस ने रिहायशी इलाके में चल रहे एक सेक्स रैकेट का खुलासा करते हुए चार युवतियों और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सेंट्रल जेल रोड स्थित एक कॉलोनी में किराए के मकान में की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर घर में मौजूद युवतियां और ग्राहक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। रैकेट के संचालक पति-पत्नी मौके से फरार हो गए।पुलिस के अनुसार, मकान में सिद्धार्थ राजपुरिया और उसकी पत्नी पायल राजपुरिया किराए पर रहते थे और वहीं से सेक्स रैकेट का संचालन कर रहे थे। युवतियों को प्रशिक्षण देने के बहाने बुलाया जाता था। छापेमारी के दौरान युवतियां अपना चेहरा छिपाती रहीं, जिन्हें बाहर निकालने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को बुलाया गया। इसके बाद सभी को थाने ले जाया गया।पुलिस ने संचालक की साली रेहा श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है, जो प्रयागराज की रहने वाली है। पकड़ी गई तीन अन्य युवतियां पश्चिम बंगाल की बताई जा रही हैं। वहीं, मौके से पकड़ा गया ग्राहक राहुल जायसवाल मलदहिया के नील कॉटेज का निवासी है और एसबीआई की कैंट रेलवे स्टेशन शाखा में क्लर्क के पद पर तैनात है।छापेमारी के दौरान पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। जांच में सामने आया है कि संचालिका ग्राहकों से प्रति ग्राहक 3000 रुपये वसूलती थी, जिसमें से 1000 रुपये युवतियों को दिए जाते थे।
एसीपी कैंट नितिन तनेजा ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। पुलिस फरार संचालक पति-पत्नी की तलाश में जुटी है।गौरतलब है कि वाराणसी में हाल के दिनों में रिहायशी इलाकों से लगातार सेक्स रैकेट के मामले सामने आ रहे हैं, जिस पर पुलिस की निगरानी और सख्ती बढ़ाई जा रही है।

