कोडिन कफ सिरप के अवैध कारोबार का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। कोडिन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े एक बड़े मामले का वाराणसी पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस प्रकरण में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपये की ठगी का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली और एस.आई.टी. की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
डीसीपी क्राइम सरवणन टी ने बताया कि इस अवैध नेटवर्क का संचालन मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के सहयोग से किया जा रहा था। आरोपी फर्जी दस्तावेजों के सहारे कोडिन युक्त कफ सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त में संलिप्त थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आकाश पाठक उर्फ लल्ली , विकास सिंह नरवे और अंकित कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी बिल, जीएसटी इनवॉइस और अन्य कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर भारी मात्रा में कफ सिरप का अवैध व्यापार कर रहे थे। इस नेटवर्क के जरिए अब तक करोड़ों रुपये का अवैध लाभ कमाया जा चुका है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे, जिनके खिलाफ न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) और लुक आउट नोटिस भी जारी किए जा चुके थे। सर्विलांस सेल और साइबर सेल से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 27 जनवरी 2026 को नेपाल बॉर्डर रोड, जनपद सिद्धार्थनगर से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों के अनुसार, इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां संभव हैं।

