योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला: शिक्षकों को मिलेगा कैशलेस इलाज, 12 लाख से ज्यादा होंगे लाभान्वित

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के शिक्षकों के हित में बड़ा निर्णय लिया गया। अब राज्य के शिक्षक भी अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिससे 11.92 लाख से अधिक शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइया सीधे लाभान्वित होंगे।
यह सुविधा आयुष्मान योजना के माध्यम से लागू की जाएगी। योजना के क्रियान्वयन पर सरकार को करीब 358.61 करोड़ रुपये का व्यय भार आएगा। वहीं माध्यमिक शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को भी कैशलेस इलाज की सुविधा देने को मंजूरी दी गई है, जिससे 2,97,579 कर्मचारी लाभान्वित होंगे। इस पर सरकार को 89.25 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे। हालांकि जो कर्मचारी पहले से किसी अन्य सरकारी स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत कवर हैं, उन्हें इसका अतिरिक्त लाभ नहीं मिलेगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 5 सितंबर 2025 को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की घोषणा की थी। अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद इस घोषणा को अमलीजामा पहनाया गया है।
कैबिनेट बैठक में कुल 32 में से 30 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई, जबकि दो प्रस्ताव फिलहाल रोके गए हैं।
इसके अलावा बैठक में कई अहम फैसले भी लिए गए—
आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को मंजूरी, पीड़ितों को आवास और भूमि पट्टा मिलेगा
शहरी पुनर्विकास नीति 2026 को स्वीकृति
भवन नक्शा पास करने की प्रक्रिया होगी आसान, विकास शुल्क के नए दर लागू
बरेली और मुरादाबाद में विज्ञान पार्क व नक्षत्रशाला की स्थापना को हरी झंडी

