बरेका में सेवानिवृत्त दो अधिकारी एवं चौदह कर्मचारियों को दी गई विदाई

वाराणसी,जनमुख न्यूज़। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आज दिनांक 31 जनवरी 2026 को आयोजित एक गरिमामय एवं भावभीनी विदाई समारोह में बरेका परिवार ने अपने दो अधिकारियों एवं चौदह कर्मचारियों को ससम्मान सेवा-निवृत्ति की शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों में सहायक कार्य प्रबंध मनोज कुमार राय, सहायक वित्त सलाहकार श्रीमती रीता विश्वास, मुख्य नर्सिंग सुपरीटेंडेंट श्रीमती कुसुम लता, श्रीमती अंजना टोड एवं श्रीमती पूर्णिमा कुमारी, सीनियर सेक्शन इंजीनियर मिलन कांति मिस्त्री, अजीत कुमार सिंह एवं के.सी. पाण्डेय, वरिष्ठ लेखा सहायक संजय श्रीवास्तव, मुख्य कार्यालय अधीक्षक रमेश बटवाल एवं जितेंद्र कुमार सिंह, तकनीशियन कुलदीप प्रसाद ताँती, हेड कांस्टेबल मधुसूदन मिश्रा, मोटर ड्राइवर रविशंकर पाण्डेय, सहायक शंभू साव तथा हाउसकीपिंग सहायक जगदीश यादव शामिल रहे।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए उप प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी समीर पॉल ने कहा, आप सभी अधिकारी एवं कर्मचारी बरेका परिवार की अमूल्य धरोहर हैं। अपने कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण से आपने न केवल बरेका बल्कि भारतीय रेल की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आपकी सेवाएँ और कार्यसंस्कृति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।
समारोह के अंत में प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी ने सभी सेवानिवृत्तजनों के स्वस्थ, सुखद एवं शांतिपूर्ण भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहकर्मियों ने तालियों और आत्मीय शुभकामनाओं के साथ सभी को विदा किया।

