छत पर कपड़ा सुखाने को लेकर विवाद, दो महिलाएं गिरीं नीचे; एक की मौत, दूसरी गंभीर घायल

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। शिवपुर थाना क्षेत्र के हटिया गांव में शनिवार दोपहर छत पर कपड़ा सुखाने को लेकर हुए विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। नोकझोंक के दौरान दो महिलाएं छत से नीचे गिर गईं, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में आरोपी महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मुर्दहा बाजार निवासी राज मिस्त्री तेज बहादुर ने बताया कि वह अपनी पत्नी ज्योति प्रजापति (22), दो साल की बेटी दीपाली और दो माह की बेटी लक्ष्मी के साथ हटिया गांव में किराए के मकान में रहते हैं। उसी मकान में समशुल बेगम उर्फ सुमन भी किराएदार थी। दोनों महिलाओं के बीच छत पर कपड़ा फैलाने को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी।
तेज बहादुर के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 1.30 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी पत्नी छत से गिर गई है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि दोपहर करीब एक बजे ज्योति छत पर कपड़ा सुखाने गई थी, तभी वहां समशुल भी पहुंच गई। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और आरोप है कि विवाद के दौरान समशुल ने ज्योति को धक्का दे दिया।
धक्का लगने पर गिरते समय ज्योति ने समशुल को पकड़ लिया, जिससे दोनों छत से नीचे गिर पड़ीं। हादसे में ज्योति के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समशुल गंभीर रूप से घायल हो गई।
थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पत्नी की मौत से पति तेज बहादुर का रो-रोकर बुरा हाल है और वह मासूम बेटियों को संभालने में जुटा है। आसपास के लोगों के अनुसार ज्योति मिलनसार स्वभाव की थी और दोनों महिलाओं के बीच लंबे समय से तनाव चला आ रहा था।

