काशी को अंतरराष्ट्रीय और घरेलू हवाई सौगात, बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान शुरू, नवी मुंबई फ्लाइट भी जल्द

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। पूर्वांचल और काशीवासियों के लिए हवाई संपर्क के क्षेत्र में रविवार को एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बैंकॉक के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा का शुभारंभ हो गया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की यह फ्लाइट सप्ताह में एक दिन, प्रत्येक रविवार को संचालित की जाएगी।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या आईएक्स-215 हर रविवार दोपहर 12:35 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से बैंकॉक के लिए उड़ान भरेगी। सीधी सेवा शुरू होने से यात्रियों को अब दूसरे शहरों के रास्ते यात्रा नहीं करनी पड़ेगी, जिससे समय के साथ-साथ यात्रा खर्च में भी कमी आएगी।
वहीं, बैंकॉक से वाराणसी के लिए वापसी उड़ान आईएक्स-216 भी प्रत्येक रविवार को संचालित होगी। यह फ्लाइट रात 9:35 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। इससे थाईलैंड आने-जाने वाले यात्रियों, पर्यटकों और कारोबारी वर्ग को खासा फायदा मिलेगा।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के स्टेशन मैनेजर विक्रांत सिंह ने बताया कि बैंकॉक जैसे अंतरराष्ट्रीय गंतव्य के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से वाराणसी आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इससे पर्यटन, होटल उद्योग, स्थानीय कारोबार और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। धार्मिक पर्यटन के लिहाज से भी यह उड़ान काशी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इसी क्रम में वाराणसी और नवी मुंबई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी राहत की खबर है। अकासा एयर दोनों शहरों के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। यह सेवा 17 फरवरी से प्रतिदिन संचालित होगी। नई फ्लाइट से पूर्वांचल को मुंबई महानगर क्षेत्र से सीधी और तेज हवाई कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

