काशी विद्यापीठ में UGC लागू करने की मांग को लेकर छात्रों का हल्ला बोल, कैंपस छावनी में तब्दील

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में यूजीसी नियम लागू करने की मांग को लेकर छात्रों ने जोरदार हल्ला बोल प्रदर्शन किया। सुप्रीम कोर्ट द्वारा यूजीसी कानून पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाए जाने के बाद OBC, SC और ST वर्ग के छात्र नाराज हैं और इसे दोबारा लागू करने की मांग कर रहे हैं।विश्वविद्यालय में इन दिनों स्नातक सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं, ऐसे में प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कैंपस में बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है।सोशल मीडिया पर पहले से किए गए आह्वान के बाद बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय परिसर में जुटने लगे, जिससे पूरा कैंपस छावनी में तब्दील नजर आया। नारेबाजी करते हुए छात्र समाज चौराहे पर एकत्र हुए और फिर दोबारा वहीं प्रदर्शन तेज कर दिया, जिससे परिसर में लगातार हलचल बनी रही।प्रदर्शन के दौरान छात्र “हम लेंगे रहेंगे आजादी” जैसे नारे लगाते हुए मानविकी संकाय से प्रशासनिक कार्यालय की ओर बढ़े। संगठित रूप से आगे बढ़ते प्रदर्शनकारियों के कारण कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि, प्रशासन और सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।मौके पर मौजूद एसीपी ईशान सोनी ने बताया कि काशी विद्यापीठ में छात्रों ने यूजीसी के समर्थन में आयोजन किया है और वे अपनी मांगों को लेकर प्रॉक्टोरियल बोर्ड व प्रशासन से बातचीत करना चाहते हैं। आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई थी।

