रामपुर में अधिवक्ता की हत्या को लेकर काशी में आक्रोश

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। रामपुर में एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के विरोध में वाराणसी के अधिवक्ताओं ने गुरुवार को आवश्यक बैठक आहूत कर कड़ा रोष व्यक्त किया। बैठक में मृतक अधिवक्ता की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बी.पी. सिंह, अखिलेश तिवारी एडवोकेट एवं सुशील चन्द्र मिश्रा एडवोकेट के प्रस्ताव पर आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि घटना के विरोध स्वरूप आज दिनांक 12 फरवरी 2026 को अधिवक्ता गण पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। यह निर्णय अध्यक्ष, महामंत्री एवं संरक्षक की अनुमति से लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह एडवोकेट ने की, जबकि संचालन महामंत्री डॉ. जितेन्द्र कुमार तिवारी एडवोकेट द्वारा किया गया। वक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
बैठक की सूचना एवं प्रस्ताव की प्रतिलिपि विभिन्न न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों को प्रेषित की गई है, जिनमें दि सेन्ट्रल बार एसोसिएशन वाराणसी, दि बनारस बार एसोसिएशन वाराणसी, न्यायालय भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन प्राधिकरण वाराणसी, मुख्य राजस्व अधिकारी, उपसंचालक चकबंदी, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी, अपर जिला मजिस्ट्रेट (नगर), अपर नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी, डिप्टी कलेक्टर (माल) तथा सदर तहसील बार एसोसिएशन वाराणसी शामिल हैं।अधिवक्ताओं ने कहा कि जब तक अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, इस प्रकार की घटनाएं न्याय व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनी रहेंगी।

