मध्य-पूर्व में जंग तेज: लेबनान पर इस्राइल के हवाई हमले, ईरान-अमेरिका संघर्ष में बढ़ा तनाव

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष लगातार गंभीर होता जा रहा है। इस्राइल ने एक बार फिर दक्षिणी लेबनान में हवाई हमले किए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस्राइली लड़ाकू विमानों ने मरवानीह और याह्मार अल-शफीक कस्बों के आसपास कई ठिकानों को निशाना बनाया। हमलों के दौरान कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं और इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
इधर क्षेत्र की बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए भारत ने कतर में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। भारतीय दूतावास ने लोगों से कतर के गृह मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और अत्यंत जरूरी स्थिति में ही बाहर निकलने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से खिड़कियों और खुले स्थानों से दूर रहने को कहा गया है।
एडवाइजरी में यह भी बताया गया कि कतर का हवाई क्षेत्र फिलहाल बंद है और उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित हैं। कतर एयरवेज ने कहा है कि 7 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे (दोहा समय) अगला अपडेट जारी किया जाएगा। यात्रियों को अपनी एयरलाइंस से लगातार संपर्क में रहने की सलाह दी गई है।
इस बीच ईरान और अमेरिका के बीच टकराव भी तेज हो गया है। श्रीलंका की नौसेना का एक जहाज अमेरिकी हमले में बचाए गए ईरानी नाविकों को लेकर गाले नौसैनिक अड्डा पहुंचा, जहां घायल नाविकों को अस्पताल भेजा गया।
28 फरवरी से शुरू हुए इस युद्ध का अब सातवां दिन है और मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ईरानी रेड क्रिसेंट के अनुसार अमेरिका और इस्राइल के हमलों में ईरान में अब तक कम से कम 1,332 लोगों की मौत हो चुकी है।
उधर इंडोनेशिया ने ईरान से अपने नागरिकों की निकासी शुरू करने का फैसला किया है। पहले चरण में लोगों को अजरबैजान के रास्ते निकाला जाएगा और 32 नागरिकों का पहला समूह जल्द जकार्ता पहुंचने की संभावना है। ईरान में कुल 329 इंडोनेशियाई नागरिक रहते हैं, जिनमें अधिकांश छात्र हैं।
इसी दौरान इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने दावा किया कि उसने मध्य ईरान के इस्फहान के ऊपर उड़ रहे इस्राइली हेरॉन ड्रोन को मार गिराया है। वहीं सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने भी रियाद के उत्तर-पूर्व में एक ड्रोन को नष्ट करने का दावा किया है।
कुवैत ने बताया कि ईरानी हमलों में उसके 67 सैनिक घायल हुए हैं। हालांकि सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही मार गिराए गए। सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इधर इस्राइली सेना ने बेरूत के दक्षिणी धाहियेह इलाके में 26 बार हवाई हमले करने का दावा किया है। सेना के मुताबिक इन हमलों में हिज्बुल्ला के कई ठिकानों, मुख्यालय और ड्रोन वेयरहाउस को निशाना बनाया गया। वहीं लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इन हमलों में अब तक 123 लोगों की मौत हो चुकी है और 683 लोग घायल हुए हैं।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक एक वरिष्ठ अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने दावा किया है कि युद्ध के दौरान अब तक 30 से अधिक ईरानी जहाज डुबो दिए गए हैं। वहीं ईरान ने भी इस्राइल पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमले किए हैं, जिनमें क्लस्टर बम इस्तेमाल होने की बात सामने आई है।

