काशी से शंकराचार्य की ‘गो प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा’ शुरू

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने शनिवार सुबह संकटमोचन मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपनी ‘गो प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा’ की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान जी का आशीर्वाद लेकर वे लखनऊ की ओर यात्रा शुरू कर रहे हैं।
इस दौरान शंकराचार्य ने बताया कि वह चार दिनों में छह जिलों के दर्जनभर से अधिक स्थानों पर गो रक्षा को लेकर सभाएं करेंगे। यात्रा के तहत वह जौनपुर, सुल्तानपुर, रायबरेली, उन्नाव और लखीमपुर खीरी होते हुए 11 मार्च को लखनऊ पहुंचेंगे।
संकटमोचन मंदिर और श्री चिंतामणि गणेश मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने इस यात्रा की औपचारिक शुरुआत की। शंकराचार्य ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि 40 दिनों के भीतर गोमाता को ‘राज्यमाता’ घोषित किया जाए और प्रदेश में पूर्ण रूप से गो हत्या पर प्रतिबंध लगाया जाए।
उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के दिन से उनकी इस मांग को 35 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इसी के चलते अब गो रक्षा के लिए धर्मयुद्ध का शंखनाद किया गया है।
इससे पहले शंकराचार्य ने साधु-संतों के साथ केदार घाट पर विधिवत गंगा पूजन किया और छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर तिलक कर पुष्प अर्पित किए। इसके साथ ही काशी से गो प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध की औपचारिक शुरुआत की गई।

