वाराणसी में नाम छिपाकर युवती से संबंध बनाने का आरोप, धमकी और मारपीट के मामले में युवक पर मुकदमा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। कैंट थाना क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर धर्म और नाम छिपाकर संबंध बनाने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार आरोपी उसकी कॉलोनी के गेट के पास बिरयानी की दुकान चलाता है और उसने खुद को शान सिंह बताकर उससे परिचय किया था। युवती का कहना है कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी का असली नाम सऊद है। इसके बाद उसने उससे दूरी बना ली, लेकिन आरोपी उसे लगातार परेशान करने लगा।युवती ने पुलिस को बताया कि वह वाराणसी में किराए के मकान में रहती है और ट्रैवल एजेंसी का काम करती है। देर रात घर लौटने के कारण वह अक्सर आरोपी की दुकान से खाना मंगवा लेती थी। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी और बाद में उनके बीच संबंध भी बने।
पीड़िता का आरोप है कि कुछ लोगों से उसे जानकारी मिली कि आरोपी कई लड़कियों से संबंध रखता है और अपना नाम छिपाकर उन्हें अपने जाल में फंसाता है। जब उसने इस बारे में जांच की तो उसे आरोपी की असली पहचान का पता चला। इसके बाद उसने उससे दूरी बना ली।युवती के मुताबिक, दूरी बनाने के बाद आरोपी उसे बदनाम करने लगा। इस पर वह अपने एक साथी के साथ उसकी दुकान पर गई और फोन के जरिए उसे समझाने की कोशिश की कि वह ऐसा न करे, अन्यथा पुलिस में शिकायत करेगी।
आरोप है कि उसी रात आरोपी 6-7 अज्ञात साथियों के साथ उसके घर पहुंच गया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान पीड़िता के दोस्त कुणाल के साथ भी हाथापाई की गई। शोर सुनकर कॉलोनी का गार्ड मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव किया, जिसके बाद सभी आरोपी वहां से भाग गए। जाते-जाते आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।

