नगर आयुक्त ने दिया नवरात्रि पर शहर में मार्ग प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी के बैठक सभागार में आगामी नवरात्रि सहित अन्य त्योहारों के दृष्टिगत नगर क्षेत्र में मार्ग प्रकाश व्यवस्था को बेहतर एवं सुचारु बनाए रखने हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि शहर के सभी वार्डों में स्थापित स्ट्रीट लाइटों का तत्काल सर्वे कर खराब एवं बंद पड़ी लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए, ताकि त्योहारों के दौरान शहरवासियों को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध हो सके और आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि जिन स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था अपर्याप्त है, वहां आवश्यकतानुसार अतिरिक्त लाइटें लगाई जाएं तथा संवेदनशील एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाए।नगर आयुक्त ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं तथा प्रत्येक वार्ड की प्रकाश व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, जिससे त्योहारों के दौरान शहर में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित हो सकें।बैठक में अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता, सहायक अभियंता तथा नगर निगम के सभी अवर अभियंता (विद्युत) उपस्थित रहे।

