वाराणसी कैंट स्टेशन पर 3.5 करोड़ का विदेशी सोना बरामद, राजधानी एक्सप्रेस से दो तस्कर गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.215 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया है। सोने के 19 बिस्किट के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद सोने की कीमत करीब 3.50 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में कस्टम और आयकर विभाग की टीम भी जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई Dibrugarh Rajdhani Express के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर पहुंचने के दौरान की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को अपनी ओर आता देख दोनों घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई।पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम बालासो जाधव (36) निवासी सतारा, महाराष्ट्र और तेजस बालासाहेब पंवार (23) निवासी पुणे बताया। तलाशी लेने पर बालासो की पैंट की जेब से 10 और तेजस की जेब से 9 सोने के बिस्किट बरामद हुए। दोनों ने सोने के बार पैंट की फेंट काटकर छिपा रखे थे।जांच में सामने आया है कि बरामद सोना 24 कैरेट का है। यह सोना दक्षिण अफ्रीका से तस्करी कर बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के रास्ते कूचबिहार होते हुए दिल्ली ले जाया जा रहा था। आरोपियों ने बताया कि उन्हें यह सोना कूचबिहार में उनके कथित मालिक श्यामबाबू ने दिया था, जिसे उन्हें नई दिल्ली पहुंचाना था।मामले की जानकारी देते हुए एन. कोलांची (आईजी रेलवे, प्रयागराज जोन) ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी खुद को छात्र और पेंटर बताते हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पिछले तीन महीनों में वे करीब 35 से 40 बार सोने की तस्करी कर चुके हैं।
कार्रवाई में जीआरपी कैंट वाराणसी के प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, आरपीएफ पोस्ट वाराणसी के प्रभारी निरीक्षक संदीप यादव सहित जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम शामिल रही। बरामदगी के बाद कस्टम और आयकर विभाग ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।

